श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के छात्रों को परीक्षा परिणाम एवं मूल्यांकन आदि में अव्यवस्थाओं के चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि किसी का रिजल्ट परीक्षा के दो महीने बाद भी जारी नहीं हो रहा है तो किसी को परीक्षा में शून्य अंक दिए गए हैं।
छात्र नेता आदर्श राठौर ने बताया कि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता देहरादून में सेमेस्टर परीक्षा हुए 70 दिन बीत चुके हैं। अभी तक बीए द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम घोषित नहीं हुआ। राजकीय स्नातकोत्तर का महाविद्यालय मालदेवता में बीकॉम और बीएससी के द्वितीय और तृतीय सेमेस्टर के सभी छात्रों को फेल दिखाया गया है। जबकि राजकीय महाविद्यालय देहरादून में बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर और बीएससी द्वितीय व तृतीय सेमेस्टर के कुछ पेपर में छात्रों के आनलाइन में शून्य अंक चढ़ाए गए हैं।
महाविद्यालय मालदेवता रायपुर की छात्रा प्रतीक्षा रावत और दिविक्षा पाल का कहना है कि जिस समय परीक्षा परिणाम घोषित हुआ था, उसमें अच्छे अंक थे। अगले दिन चेक किया तो वह शून्य हो गए। छात्रा अनुष्का रावत ने बताया कि बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित हुए काफी दिन हो चुके हैं, लेकिन परीक्षा उनका परिणाम अभी तक पोर्टल पर नहीं खुला है। वहीं रायपुर महाविद्यालय के बीकॉम, बीएससी द्वितीय और तृतीय सेमेस्टर के सभी छात्रों को फेल किया गया है। कुछ छात्र छात्राओं का बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम अभी तक खुला ही नहीं है जबकि बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम आए हुए बहुत दिन हो चुके है।