सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में 10वीं की छात्रा से बात करते हुए कोच हर मर्यादा लांघ रहा है। वहीं, छात्रा बात करते समय असहज लग रही है। लेकिन, खुद को कोच बताने वाला व्यक्ति उसे बार-बार पिछली एक गंदी बात याद दिलाकर अपने साथ आपत्तिजनक हरकत करने का दबाव बना रहा है। गंदी-गंदी गालियां देकर उसे प्रयोगात्मक परीक्षा में पास कराने का झांसा भी देता सुनाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि इस तरह की बातें उसने सिर्फ एक नहीं बल्कि पांच किशोरियों से की हैं। हालांकि, वायरल ऑडियो सिर्फ एक ही किशोरी से बातचीत की है। क्रिकेट कोच और किशोरी की तीन ऑडियो क्लिप वायरल हुई है। किशोरी से बात करने वाला शख्स एक ऑडियो में अपना नाम भी बता रहा है। बातचीत प्रयोगात्मक परीक्षा में सेटिंग से शुरू होती है। किशोरी की ओर से पानी गिरने की आवाज आती है। व्यक्ति कहता है कि हम दोनों क्या रसोई में बात करेंगे। तुम यहां क्यों हो, कमरे में जाओ। लेकिन, किशोरी वहीं पर बात करने को कहती है।
इस पर व्यक्ति कह रहा है कि उसने परीक्षक से बात कर ली है। तुम भी कह देना कि तुम्हें ...के कोच ने भेजा है। उन्होंने बात की होगी। इसके बाद काम हो जाएगा। इसके आगे परीक्षा के संबंध में ही करीब तीन मिनट तक बात होती है। आगे व्यक्ति किशोरी से अश्लील बातें करने लगता है। वह पिछले कुछ दिन पहले की बात याद दिलाता है और कहता है कि जैसे मैंने तुम्हारे साथ किया था, वैसे ही तुम भी कहो। किशोरी चुप रहती है। आगे फिर वही बात दोहराता है। इस समय ऐसा लगा कि किशोरी के साथ पहले जो हुआ, उसके लिए उस पर दबाव बनाया गया हो।
कुछ देर बाद किशोरी के सब्र का बांध टूटता है और वह कहती है की उसने सारी बात रिकॉर्ड कर ली है। इसके बाद खुद को कोच बताने वाला यह शख्स आपा खो देता है। वह किशोरी को गंदी-गंदी गालियां भी दे रहा है। ऑडियो में बात करने वाला शख्स रिश्तों का भी ख्याल नहीं कर रहा। एक तरफ वह किशोरी को बेटी कह रहा है तो दूसरी तरफ उससे अश्लील बातें कर रहा है।