क्लेमेंटटाउन पुलिस ने दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से चोरी हुए लाखों की कीमत के आभूषण बरामद हुए हैं।
क्लेमेंटटाउन एसओ दीपक धारीवाल ने बताया कि दस अगस्त को वीर बहादुर थापा निवासी ग्राम रामगढ़ दूधा देवी क्लेमेंटटाउन ने शिकायत की थी कि वह परिवार के साथ आर्मी कैंटीन में सामान लेने गए थे। वापस आए तो घर से गहने, लैपटॉप व अन्य सामान चोरी हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। माजरा बैंड दूधली डोईवाला रोड के पास चेकिंग के दौरान आरोपी वसीम निवासी चांदमारी रोड, डोईवाला को गिरफ्तार कर लिया। इसके कब्जे से चोरी किए गए करीब सात लाख के गहने और 3300 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी ने कुछ महीने पहले दूधली की एक दुकान से 14 हजार रुपये चोरी करने की बात भी कबूली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने नशे की पूर्ति के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।