श्री देव सुमन विश्वविद्यालय की ओर से विवि और संबद्ध कॉलेज में होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए जारी संविधान के विरोध में मंगलवार को एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने प्रदर्शन कर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आवास कूच किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। छात्रों ने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया।
एनएसयूआई से जुड़े छात्र जैसे ही मंत्री के आवास पर पहुंचे तो पहले से तैनात पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस बीच प्रदर्शनी छात्र जैसे ही मंत्री धन सिंह रावत का पुतला लाए तो पुलिस के जवानों ने पुतला छीनकर तोड़ दिया। उधर, एनएसयूआई परवादून जिलाध्यक्ष प्रकाश नेगी का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ गया और वो बेहोश हो गए। छात्रों ने आरोप लगाते हुए कहा, स्वास्थ बिगड़ने पर भी पुलिस ने एंबुलेंस नहीं बुलाई। सरकार छात्र संघ चुनावों को धीरे-धीरे समाप्त करके तानाशाही की सरकार चलाना चाहती है। एनएसयूआई ने पुलिस के जवानों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष अभय कत्यूरा, सक्षम यादव, पवन मैंदोली, अंकित ने गिरफ्तारी दी। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष टिहरी गढ़वाल हरिओम भट्ट, सक्षम, शशांक, आर्यन, राहुल जग्गी, पवन मैंदोली, नंदन गौनिया, हिमश्रेष्ठ बाली आदि मौजूद रहे। उधर, राज्य के स्नात्कोत्तर महाविद्यालय मालदेवता में भी छात्रों ने छात्र संघ चुनाव संविधान के विरोध में प्राचार्य के माध्यम से विवि के कुलपति को ज्ञापन भेजा। छात्रों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द फैसले को वापस नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।