एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि आरोपियों के पास से चोरी की दो घटनाओं का पूरा माल बरामद हुआ है। 70 हजार रुपये की नगदी के अलावा 69 अमेरिकन डॉलर, आईपैड, कैमरा, सोने के कड़े, करोई, सोने की आठ चूड़ी, सोने के तीन कड़े, चेन, ब्रेसलेट, नीले पत्थर लगी अंगूठी, पर्ल चोकर, एक जोड़ी रतनजोत, टाप्स, कान के झुमके, दो नथ, दो अंगूठी, नेकलेस, मोती की माला, पीली धातु के टॉप्स, डायमंड के टाप्स, सफेद अंगूठी, गले का तोड़ा, नेकलेस मय झुमके आदि बरामद किया गया है। इनकी कीमत लाखों रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दी चोरी की सूचना
पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि डालनवाला पुलिस ने खुद धीमान दंपति को बंद मकान में चोरी की सूचना दी। दिल्ली में होने के कारण कमल और उसकी पत्नी विश्व को बंद मकान में चोरी होने की सूचना नहीं थी। पुलिस ने ही आरोपियाें से पूछताछ में चोरी की बात सामने आने के बाद पीड़ित परिवार को फोन किया था। दंपति ने दिल्ली से आकर घर पहुंचकर चोरी हुए माल की जानकारी पुलिस को दी। विश्व धीमान की तरफ से इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस के अनुसार मकान में एक महिला पेड़ और पौधों को पानी डालने आती थी। उसी ने मोहित को धीमान दंपति के लंबे समय बाहर रहने की जानकारी दी थी।
खिड़की की जाली काटकर अंदर घुसे थे आरोपी
डालनवाला में धीमान दंपति के घर में आरोपी खिड़की की जाली काटकर अंदर घुसे थे। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि पूछताछ में दोनाें आरोपियों ने बताया कि उन्हें पैसों की सख्त जरूरत थी। ऐसे में पहले स्कूटी चोरी की घटना को अंजाम दिया। बाद में विश्व धीमान के घर में चोरी की थी। उनकी योजना ज्वेलरी और अन्य सामाने को बेचने की थी। मोहित को यूएसए जाना था। साइकिलस्ट होने के चलते एक कंपनी मोहित के संपर्क में थी। इसीलिए उसे पैसों की जरूरत थी।
पुलिस टीम को पुरस्कार
एसएसपी ने डालनवाला इंस्पेक्टर राजीव रौथाण, आराघर चौकी प्रभारी राजेश असवाल, उप निरीक्षक अरुण असवाल, प्रदूमण और कांस्टेबल दरबान सिंह को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।