यूट्यूब चैनल को लाइक और सबस्क्राइब करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक युवक से एक लाख रुपये ठग लिए। युवक की तहरीर पर साइबर थाने ने जांच की, जिसके बाद कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अर्पित राज निवासी चुक्खू मोहल्ला की तहरीर पर मामले में शिकायत की थी। अर्पित को पिछले दिनों व्हाट्सएप पर घर बैठे ऑनलाइन काम कर कमाई करने से संबंधी एक मैसेज मिला था। उसने मैसेज में आए लिंक पर क्लिक किया तो एक ग्रुप में जोड़ा गया। वहां उसे यूट्यूब पर वीडियो लाइक करने के लिए टास्क दिया गया।
कहा गया कि एक वीडियो लाइक करने पर 50 रुपये मिलेंगे। उसने कुछ वीडियो लाइक किए तो कुछ रुपये मिले। इसके बाद झांसा दिया गया कि उनकी कंपनी क्रिप्टो करेंसी में भी निवेश करती है। पहले पीड़ित ने 1000 रुपये लगाए तो 1600 रुपये दिए गए।
इसके बाद ज्यादा रकम निवेश का झांसा दिया गया। पीड़ित ने 99600 रुपये निवेश किए कर दिए। लेकिन, कुछ नहीं मिला। इसके बाद रकम को लेने के लिए और रकम जमा करने के लिए कहा गया। युवक को जब एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हुआ है तो उसने साइबर थाने को शिकायत कर दी।
चैनल को लाइक कराकर ठगी का नया ट्रेंड
बता दें कि यूट्यूब चैनल को लाइक करने पर कमाई का झांसा देने का यह साइबर ठगी का नया ट्रेंड है। पिछले दिनों ही एसटीएफ ने इन मामलों की जांच शुरू की थी। देखते ही देखते लोग इन ठगों के झांसे में भी आना शुरू हो गए हैं।