Iदुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 5.25 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने इस मामले में कई बार पुलिस को विभिन्न स्तर पर शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब न्यायालय के आदेश पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
I
Iविंग नंबर तीन प्रेमनगर के रहने वाले पुष्कर सिंह ने उज्ज्वल सचदेवा निवासी विंग नंबर छह पर आरोप लगाए हैं। आरोपी ने उन्हें 15 दिनों के भीतर दुबई में नौकरी दिलाने का वादा किया था। इसके लिए पीड़ित ने अपने रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों से ब्याज पर पैसा लेकर उज्ज्वल को 5.25 लाख रुपये ऑनलाइन दे दिए। उज्ज्वल और पीड़ित के बीच हुए एग्रीमेंट और ट्रांजेक्शन आईडी के दस्तावेज भी कोर्ट में प्रस्तुत किए गए हैं। पीड़ित का कहना है कि पैसे लेने के बाद से आरोपी ने लगातार टालमटोल करना शुरू कर दिया और अब 6 महीने से भी अधिक समय बीत चुका है, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही पैसा वापस किया गया। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तो उज्जवल सचदेवा ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और कहा कि वह कोई भी झूठा मुकदमा दर्ज करवा देगा। एसओ प्रेमनगर गिरीश नेगी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।I