साइबर ठगों ने एक महिला को पार्ट टाइम नौकरी का झांसा दिया। इसके बाद उसे टेलीग्राम के माध्यम से टास्क दिए और चार लाख से अधिक रकम ठग ली। शिकायत के बाद रायपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर थाना प्रभारी कुंदन राम ने बताया, इस संबंध में सोनाली पुंडीर निवासी रायपुर ने तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया था। जिसमें उन्हें नौकरी का ऑफर दिया गया था। इसके बाद उन्हें कुछ टास्क दिए गए जिसमें कुछ उत्पादों को रेटिंग देनी थी। कहा गया था कि 30 टास्क पूरा करने पर 800 से 2000 रुपये तक मिलेंगे। इसके बाद उन्हें एक लिंक दिया गया और टेलीग्राम पर अन्य टास्क पूरे करने के लिए कहा गया। टेलीग्राम पर किसी वामसी सिंह ने बात की और एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया गया। बताया गया कि यह ऑनलाइन ज्वेलरी बेचने वाली कंपनी है। कुछ टास्क पूरे करने पर उन्हें एक हजार रुपये कमीशन भी दिया गया। अगले दिन नए टास्क पूरे करने और लेट फीस के नाम पर पैसे की मांग की गई। सोनाली ने बताया कि आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में उनसे कुल 4.63 लाख रुपये जमा करवा लिए। वेबसाइट पर उन्हें कमीशन दिखाया जा रहा है, उसे निकालने के लिए और पैसा जमा कराने के लिए कहा जाता। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।