बेटी को मुंबई में चेक बुक भेजने के लिए गूगल पर व्यक्ति को कुरियर कंपनी का नंबर खोजना महंगा पड़ गया। साइबर ठग ने रिपोट एक्सेस एप डाउनलोड कराकर उनके खाते से 52 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। व्यक्ति की शिकायत पर रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ठगी को लेकर ब्रजभूषण राय निवासी सहस्रधारा रोड ने शिकायत की। उनका कहना है कि वह पिछले दिनों अपनी बेटी को मुंबई में चेकबुक भेजना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने ब्लू डार्ट कुरियर सेवा से संपर्क करना चाहा तो गूगल पर दो नंबर मिले। इनमें से एक नंबर पर कॉल किया तो उसने खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताया। शुरूआत में व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और 15 रुपये रजिस्ट्रेशन के लिए अपने खाते में मंगवाए।
इसके बाद दूसरा लिंक भेजकर उनसे एक एप डाउनलोड कराया। एक नंबर दिया और कहा कि उनके पास ब्लूडार्ट से एक लड़का आएगा और चेक बुक लेकर चला जाएगा। कुछ देर बाद खाते से 52 हजार रुपये कट गए। वह तस्दीक करने कंपनी के कार्यालय गए तो पता चला कि यह नंबर उनका नहीं है। एसओ रायपुर कुंदन राम ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।