जौनसार-बावर क्षेत्र के प्रमुख अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) साहिया की 108 एंबुलेंस पिछले एक सप्ताह से खराब खड़ी है। एंबुलेंस सेवा ठप होने से क्षेत्र के करीब 180 गांवों के मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा फजीहत गंभीर रोगियों, गर्भवती महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की हो रही है, जिन्हें आपात स्थिति में महंगे दाम चुकाकर निजी वाहन बुक करने पड़ रहे हैं।जानकारी के अनुसार, लगभग छह दिन पहले एक गंभीर मरीज को हायर सेंटर रेफर करते समय एंबुलेंस का एक्सल टूट गया था। तब से यह वाहन अस्पताल परिसर में ही खड़ा है। साहिया सीएचसी पर जौनसार-बावर के 180 से अधिक गांवों की स्वास्थ्य सुविधाएं निर्भर हैं। 108 सेवा के लिए टोल-फ्री नंबर पर कॉल करने पर चकराता या विकासनगर से एंबुलेंस भेजी जा रही है। दूरी अधिक होने के कारण एंबुलेंस को साहिया पहुंचने में कई घंटे लग जाते हैं। ऐसे में समय पर इलाज न मिलने का खतरा बना रहता है और मजबूरन तीमारदारों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे गरीब परिवारों की जेब पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।स्थानीय निवासी सुरेंद्र सिंह चौहान, भीम दत्त वर्मा, रणवीर सिंह चौहान, रविंद्र सिंह पाल और प्रशांत भसीन आदि का कहना है कि स्थानीय स्तर पर एंबुलेंस न होने से हर दिन मरीजों को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) और सीएचसी अधीक्षक से शिकायत कर जल्द से जल्द एंबुलेंस सेवा बहाल करने की मांग उठाई है।