ऐसे करें ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन
चारधाम यात्रा में जाने के लिए व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड फिटनेस जांच के बाद ही जारी किए जाएंगे। ग्रीन कार्ड बनाने के लिए पोर्टल
https://greencard.uk.gov.in/ पर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल में आवेदक को अपने वाहन का नंबर और चेसिस नंबर डालने पर वाहन की पूरी जानकारी मिल जाएगी। यह पता चल सकेगा कि वाहन के सभी कागजात सही हैं या नहीं। ग्रीन कार्ड बनाने संबंधी सभी जरूरी जानकारी डालने और फीस जमा करने के बाद एक रसीद जारी होगी। इसे लेकर आवेदकों को आरटीओ कार्यालय जाना होगा, वहां वाहन की फिटनेस के बाद ग्रीन कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
ट्रिप कार्ड भी जरूरी
ग्रीन कार्ड बनाने का लिंक उत्तराखंड पर्यटन विभाग की वेबसाइट में भी दिया गया है। यहां यात्रा का पंजीकरण कराने वाले यात्रियों को ग्रीन कार्ड बनाने का विकल्प भी मिलेगा। व्यावसायिक वाहनों के लिए ट्रिप कार्ड बनाना जरूरी होगा। पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर जाकर बनवा सकेंगे। इसमें यह तय किया जाएगा कि किस वाहन में कितने लोग, किस तिथि पर यात्रा करेंगे।
ग्रीन कार्ड बनाने का काम तेजी से चल रहा है। सभी परिवहन कार्यालयों से आवेदन आ रहे हैं। वाहन संचालकों को कोई असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
- सुनील शर्मा, आरटीओ प्रशासन, देहरादून