चारधाम यात्रा के लिए आरटीओ ने हल्द्वानी संभाग से 400 और पौड़ी से मांगे 200 वाहन
चारधाम यात्रा शुरू होने में अभी दो माह का वक्त है। लेकिन, सरकार, शासन के साथ ही चारधाम यात्रा से जुड़े सभी विभागों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को आने जाने में किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो, इसके लिए परिवहन विभाग के नोडल अधिकारी/ आरटीओ (प्रशासन) सुनील कुमार शर्मा ने हल्द्वानी संभाग से 400 और पौड़ी से 200 वाहनों की मदद मांगी है। इतना ही नहीं यात्रा सीजन के दौरान वाहनों की कमी न हो इसके लिए उत्तराखंड परिवहन निगम से भी 70 बसें उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। आरटीओ शर्मा का कहना है कि चारधाम यात्रा के लिए उनके पास फिलहाल 1065 वाहन हैं।
150 नई बसों का होगा संचालन
चारधाम यात्रा के दौरान बसों का संकट न हो, इसके लिए परिवहन महासंघ ने 150 नई गाड़ियां खरीदने के साथ इनके पंजीकरण का प्रस्ताव दिया है। आरटीओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि महासंघ की ओर से 150 नई गाड़ियां खरीदने के साथ ही उन्हें चारधाम यात्रा के दौरान संचालित करने का आश्वासन दिया गया है।
यूपी, हरियाणा, नई दिल्ली, पंजाब से भी मंगाई जाएंगे वाहन
आरटीओ (प्रशासन) सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि इतनी गाड़ियों की व्यवस्था करने के बावजूद यदि तीर्थयात्रियों की संख्या बहुत अधिक बढ़ने के साथ ही और अधिक गाड़ियों की जरूरत पड़ती है तो पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों से अतिरिक्त बसें मंगाई जाएंगी। जिसके लिए इन राज्यों के अधिकारियों को पत्र लिखा जा रहा है।
एलईडी स्क्रीन के जरिये मिलेगी पंजीकरण की जानकारी
ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड के लिए पंजीकरण आसानी से किया जा सके। इसके लिए आरटीओ देहरादून, ऋषिकेश, विकासनगर, हरिद्वार में एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। जहां पंजीकरण से लेकर चारधाम यात्रा से जुड़ी तमाम जानकारियां मिल सकेंगी।