केदारघाटी में मूसलाधार बारिश के कारण रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे बुधवार को जगह-जगह भूस्खलन व भूधंसाव के कारण दिनभर बंद रहा। बांसवाड़ा व डोलिया मंदिर के समीप हाईवे की स्थिति बदहाल हो गई है।
मंगलवार रात हुई बारिश के कारण गौरीकुंड हाईवे बांसवाड़ा, भीरी, डोलिया मंदिर, सीतापुर, मुनकटिया और गौरीकुंड बड़ी पार्किंग के समीप पहाड़ी से भूस्खलन व भूधंसाव के कारण बंद हो गया था। बुधवार सुबह एनएच व कार्यदायी संस्था ने मलबा हटाने का प्रयास किया, लेकिन रुक-रुककर होती बारिश के कारण हाईवे नहीं खुल पाया।
लोगों का कहना है कि ऑल वेदर रोड निर्माण के दौरान पानी की निकासी के लिए व्यवस्था नहीं की गई, जिससे हल्की बारिश में भी दुकानों व घरों में पानी घुस रहा है। डोलिया मंदिर में हाईवे पर भूधंसाव खाट गांव के नीचे तक पहुंच चुका है, जिससे कई मकानों व गोशाला को खतरा हो गया है।
एनएच के ईई जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हाईवे के संवेदनशील जोन का बरसात के बाद प्राथमिकता से ट्रीटमेंट किया जाएगा। अभी हाईवे पर मशीनें तैनात हैं, ताकि बंद होने पर हाईवे तुरंत खोला जा सके।