क्षेत्रपाल में बदरीनाथ हाईवे पर पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों के बीच ही खतरे के साए में वाहनों की आवाजाही हो रही है। हिल साइड भारी मात्रा में मलबा अटका होने के कारण हाईवे बेहद संकरा हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही के लिए क्षेत्रपाल में तीन सौ मीटर हिस्से में वनवे सिस्टम लागू कर दिया गया है।
चमोली बाजार से करीब एक किमी दूर क्षेत्रपाल में वर्ष 2018 से खेत और पहाड़ी से भूस्खलन शुरू हुआ था। वर्ष 2019 में ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य के बाद से यहां भूस्खलन का दायरा बढ़ गया है। खेतों से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिसका मलबा हाईवे पर आ रहा है।
बारिश से हाईवे बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। यहां तीन सौ मीटर हिस्से में भूस्खलन हो रहा है। पहाड़ी से मलबे के साथ पत्थर भी छिटक रहे हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही खतरनाक बनी हुई है। इधर, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड. एनएचआईडीसीएल के जीएम संदीप कार्की ने बताया कि क्षेत्रपाल में मौसम सामान्य होने के बाद ही भूस्खलन का ट्रीटमेंट किया जाएगा।´