अनलॉक-5 के दौरान चारधाम यात्रा के दौरान कोई समस्या न हो इसके लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में आईजी गढ़वाल अभिनव कुमार ने संबंधित जनपदों की पुलिस से मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस के माध्यम से सभी होटलों और धर्मशाला संचालकों को थर्मल स्कैनिंग करने को कहा है।
आईजी अभिनव कुमार ने बताया कि अभी तक चारधाम के लिए सीमित संख्या में श्रद्धालु आ रहे थे। अब यह संख्या बढ़ने की संभावना है। लिहाजा, सभी जनपदों को उनके यहां सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही निश्चित ड्यूटी प्वांइट पर अधिकारियों और कर्मचारियों को जो दायित्व सौंपे गए हैं उनमें किसी भी प्रकार से कोताही नहीं बरती जाएगी। यात्रा के दौरान होटल और धर्मशालाओं में हरिद्वार से लेकर पहाड़ी जनपदों तक में भीड़ रहती हैं।
यहां पर भी सतर्कता बरतने की जरूरत है। ऐसे में सभी को निर्देशित किया गया है कि वह अपने यहां पर हर प्रकार की सुविधा रखें। हर जगह थर्मल स्कैनिंग सुनिश्चित की जाए। यदि किसी को इमरजेंसी की आवश्यकता है तो इसके लिए पुलिस और प्रशासन आपसी सामंजस्य स्थापित कर यह व्यवस्था भी दुरुस्त कर ले।