उत्तराखंड में नारायणबगड़ साथी की हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए जा रहे तीन नेपाली मूल के युवाओं को थाना थराली की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का कारण शराब पीकर आपसी झगड़ा बताया है।
थराली के थराली ध्वजवीर सिंह पंवार ने बताया कि नारायणबगड़ में मजदूरी कर रहे नेपाल मूल के मजदूरों ने बृहस्पतिवार रात्रि को शराब पीने के बाद आपस में झगड़ा किया। विवाद के दौरान शरण के सिर पर उसके साथियों ने पत्थर से प्रहार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। तीनों घबरा गए और रात में ही शव को पिंडर नदी में डालने के लिए ले जा रहे थे।तभी पुलिस चौकी नारायणबगड़ ने उन्हें रोक दिया। चौकी प्रभारी एसआई विनोद चौरसिया ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की, जिस पर तीनों आरोपियों ने सच बता दिया।
इसके बाद पुलिस ने मृतक शरण (21) पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम सैनिक थाना नेपालगंज जिला बांके नेपाल के शव को अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया और आरोपी नवीन योगी (28) पुत्र लालू योगी ग्राम मजकोट थाना पंचाला जिला जाजरकोट आंचल भैरी नेपाल, लोकराज पुरी (22) पुत्र दिरगापुरी ग्राम बरदिया थाना भूरीगांव जिला दहीलेख आंचल भैरी, मनोज गिरी (32) पुत्र पदम गिरी ग्राम गुमि थाना गुमि जिला सुरखेत आंचल भैरी नेपाल को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एसआई विनोद चौरसिया की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट थराली के समक्ष पेश करने के बाद जिला कारागार भेज दिया गया है।