लोन घोटाले की जांच कर रही सीबीआई देहरादून शाखा की टीम ने मंगलवार को शिवालिक नगर में एसबीआई शाखा ( पूर्व में स्टेट बैंक ऑफ पटियाला) पहुंचकर दस्तावेज जुटाए। कई घंटों तक हरिद्वार में रही सीबीआई टीम जानकारी एकत्र करने के बाद लौट गई।
सीबीआई देहरादून शाखा की एक टीम एसबीआई शाखा (पूर्व में स्टेट बैंक ऑफ पटियाला) हुए लोन संबंधी घोटाले की जांच कर रही है। आरोप है कि उस वक्त वरिष्ठ प्रबंधक रहे सुजीत लोहानी ने जिन संपत्तियों को बैंक में गिरवी रखकर लोन दिया, उन संपत्तियों की कीमत दिए गए लोन से कम थी।
इस मामले की जांच पिछले डेढ़ साल से सीबीआई शाखा देहरादून की टीम कर रही है और कई बार इस पूरे मामले से जुड़े चेहरों को देहरादून तलब कर साक्ष्य एवं बयान ले चुकी है। केस के सीबीआई के सुपुर्द होने के बाद से बैंक प्रबंधक सुजीत लोहानी को निलंबित कर दिया गया था।
मंगलवार को सीबीआई की एक टीम शिवालिक नगर में बैंक शाखा पहुंची और उन उन संपत्तियों की जानकारी जुटाई जिन्हें गिरवी रखकर लोन लिया गया था। सीबीआई ने निलंबित बैंक प्रबंधक सुजीत लोहानी से भी जानकारी ली।