विकासनगर। एनडीपीएस कोर्ट के विशेष न्यायाधीश नंदन सिंह ने सोमवार को थाना सेलाकुई क्षेत्र के जमनापुर निवासी शुभम कुमार की जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोपी से 1.521 किलोग्राम प्रतिबंधित कैटामाइन बरामद होने का आरोप है, जो वाणिज्यिक मात्रा से तीन गुना से अधिक है। 26 जुलाई को चेकिंग के दौरान आरोपी के स्कूटर की डिग्गी से पारदर्शी पन्नी में सफेद पाउडर मिला। मामला सेलाकुई थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा में दर्ज है। बचाव पक्ष ने झूठा फंसाने, स्वतंत्र गवाह न होने और संबंधी दो धाराओं के पालन न होने का तर्क दिया। कोर्ट ने कहा कि मौके की फर्द, फोटो-वीडियोग्राफी साक्ष्य मौजूद हैं और एक संबंधित धारा की शर्तें पूरी नहीं होतीं। अभियोजन ने अपराध को गंभीर और आरोपी का आपराधिक इतिहास बताया। बचाव पक्ष के तथ्यों से निर्दोष होने का संकेत नहीं मिलता, शेष तर्क साक्ष्य का विषय हैं। संवाद