विकाससगनर। सहसपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर स्थित दून पब्लिक एकेडमी से चोर नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर ले गए। चोर सीसीटीवी कैमरा में भी नजर आ रहे हैं। पुलिस ने प्रधानाचार्य की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को सहसपुर थाना पुलिस को दून पब्लिक एकेडमी में चोरी की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। विद्यालय के लेखा कार्यालय में फाइल आदि सामान बिखरा पड़ा था। वहीं, टेबल का दराज खुला था। प्रधानाचार्य राजन शर्मा ने पुलिस को बताया कि कार्यालय से एक बैग गायब है। बैग में सात हजार की नकदी, एक कलाई घड़ी और सीबीएसई की मान्यता की प्रकिया के लिए एकत्र किए गए महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। बताया कि दस्तावेज अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत ने बताया कि घटना बीती रात करीब डेढ़ बजे की थी। सीसीटीवी कैमरा की फुटेज में तीन चोर नजर आ रहे हैं। बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद