कालसी ब्लॉक के साहिया बाजार में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने सिपाही के साथ मारपीट की। उनकी वर्दी भी फाड़ दी। स्थानीय ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर एक व्यक्ति साहिया-समाल्टा मोटरमार्ग के पास कुछ लोगों से अभद्रता कर रहा था। सूचना पर साहिया चौकी में तैनात सिपाही सुदेश कुमार मौके पर पहुंचे। व्यक्ति शराब के नशे में धुत था। सिपाही ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। वह कह रहा था कि किसी अन्य व्यक्ति ने उससे पैसे लेकर वापस नहीं दे रहा है।
सिपाही ने व्यक्ति को चौकी में शिकायत देने के लिए कहा। इस पर वह भड़क गया और सिपाही से अभद्रता करने लगा। कुछ ही देर में व्यक्ति ने सिपाही के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसकी वर्दी भी फाड़ दी। लोगों ने बीच बचाव कर सिपाही को व्यक्ति के चंगुल से छुड़ाया। इस दौरान सिपाही को काफी चाेटें आईं। सीएचसी साहिया में सिपाही का उपचार करवाया गया। लोगों को व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
ये भी पढ़ें...Dehradun: आंखों के सामने जमींदोज हुए आशियाने...25 साल की सोनम की सदमे से मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क की जाम
थाना प्रभारी कालसी वैभव गुप्ता ने बताया कि सिपाही सुदेश कुमार की तहरीर पर कालसी तहसील क्षेत्र के बराड गांव निवासी मोहन के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट, लोक सेवक कर्तव्य निर्वहन से रोकना, आपराधिक धमकी देना आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।