कोर्ट के आदेश पर कोतवाली देहरादून पुलिस ने पटवारी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत सात लोगों के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर एक व्यक्ति की जमीन को अपनी दर्शाकर मुआवजा हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। एसआईटी जांच में भूमि पीड़ित व्यक्ति की ही निकली।
तहरीर में पीड़ित शिवराम निवासी ग्राम शंकरपुर, थाना सहसपुर ने कहा कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमरूद्दीन निवासी सभावाला, कम्युनिस्ट पार्टी के नेता राजेंद्र, गुलजार निवासी ग्राम भुड्डी, कुंदन सिंह निवासी सभावाला, इस्लाम और उसका भाई शहीद निवासी ग्राम हिंदुवाला ने पटवारी डिंपल के साथ मिलकर उसकी भूमि को अपना दर्शाया। कहा कि उसकी भूमि हाईवे निर्माण के लिए अधिग्रहित हुई थी। इसका उसे मुआवजा मिलना था। सभी आरोपियों ने मिलीभगत कर उसका मुआवजा हड़प लिया। अवैध वसूली के उद्देश्य से कूटरचित, फर्जी प्रार्थनापत्र व शपथ पत्र तैयार किए। कहा कि आरोपियों ने अधिग्रहित भूमि की रिपोर्ट अपने पक्ष में लगाने के लिए पटवारी को 25 हजार रुपये भी दिए। पटवारी को अनियमितता के चलते जिलाधिकारी ने पूर्व में निलंबित किया था। पीड़ित शिवराम कहा कि पुलिस के स्तर से कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया आरोपियों पर संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।