मजबूरी बताकर पहले दो लाख रुपये उधार लिए। इसके बाद जब उधार देने वाली महिला ने पैसे मांगे तो बेटे ने गाली-गलौज की। मामले में महिला की शिकायत पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इंस्पेक्टर डालनवाला राजेश साह ने बताया कि कार्रवाई सिमरन कौर निवासी कर्जन रोड की शिकायत पर की गई है। कुछ समय पहले धामावाला निवासी अशोक कुमार बेदी उनके घर आए थे। उन्होंने अपनी मजबूरी बताते हुए दो लाख रुपये की मांग की। इसकी गारंटी के लिए वे अपने साथ भगत सिंह कॉलोनी निवासी डेविड को साथ लाए थे। डेविड से जान पहचान होने के नाते उन्होंने दो लाख रुपये अशोक बेदी को दे दिए, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्होंने पैसे नहीं लौटाए।
इस पर जब उन्होंने बेदी के घर फोन किया तो फोन बेदी के बेटे साहिल ने उठाया। साहिल ने उन्हें गाली दी और पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अशोक और साहिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।