ग्राम कोरूवा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन व दो शिक्षिका के खिलाफ छात्राओं के साथ मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एक बालिका के दादा ने थाने में तीनों के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। मामले में विभाग ने वार्डन को पहले ही मुख्यालय से संबद्ध कर दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 24 अप्रैल को विद्यालय की कई छात्राओं ने आरोप लगाया था कि विद्यालय की वार्डन व अन्य कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की है। मारपीट का आरोप लगाने के अगले दिन छात्राओं के अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर न सिर्फ हंगामा किया बल्कि कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जाम भी लगाया था। इस दौरान शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए वार्डन को कार्यालय संबद्ध करने के साथ विद्यालय के वार्डन का प्रभार राजकीय इंटर कालेज की एक शिक्षिका को सौंप दिया था। कालसी निवासी राकेश तोमर ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि विद्यालय की वार्डन दीपमाला रावत, शिक्षिका ज्योति व रोशनी ने उनकी पोती के साथ मारपीट की है। साथ ही छात्रा को जान से मारने की धमकी भी दी है। थाना प्रभारी चंद्रशेखर नौटियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।