- दोनों पक्षों में हुआ था समझौता, न कार की मरम्मत की न उपचार का खर्च दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के ढालीपुर में कार को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने अज्ञात जीप चालक पर मुकदमा दर्ज किया है। दुर्घटना में कार मालिक का बेटा घायल हो गया था। उसका उपचार करवाने और कार की मरम्मत की शर्त पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। कार मालिक का आरोप है कि घटना के डेढ़ माह बीतने के बाद भी उपचार और कार की मरम्मत का खर्च नहीं मिला है। कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि हरबर्टपुर के कैनाल रोड स्थित उर्मिल वर्मा सोमवार को कोतवाली आईं। उन्होंने बताया कि वह अपने बेटे अंकित वर्मा, बहु गोल्डी, भतीजे यश वर्मा और भतीजी भव्या वर्मा के साथ कार से ढालीपुर से हरबर्टपुर आ रही थीं। एआरटीओ कार्यालय से आगे सामने से आ रही पंजाब नंबर की जीप ने तेज गति से विपरीत दिशा में आकर उनकी कार को टक्कर मार दी, जिसमें कार का एक हिस्सा पूरी तरह टूट गया। इसमें बेटे के शरीर और सिर पर गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर जीप मालिक ने अपने रिश्तेदार और प्रधान पति आदित्य वर्मा को बुलाया। उसने रिश्तेदारी का झांसा देकर एक सहमति पत्र लिखवाया कि कार और उपचार का पूरा खर्च जीप मालिक उठाएगा। उन्होंने बात मानते हुए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए। उन्होंंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर कार ठीक करा दी जाएगी। डेढ़ माह बीतने के बाद भी न उपचार का खर्च दिया गया और न ही कार की मरम्मत करवाई गई है। उन्होंने कई बार आदित्य वर्मा और जीप मालिक को फोन किया, दोनों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उल्टा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। अज्ञात जीप चालक के खिलाफ संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।