हरबर्टपुर। देहरादून रोड पर सड़क पर खड़े ट्रक से टकराने से बाइक सवार की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ट्रक की पहचान में जुटी है। पुलिस को दी तहरीर में हरबर्टपुर के आसनबाग निवासी अल्पना जोशी ने बताया कि 25 दिसंबर 2024 को उनके पति बाइक से हरबर्टपुर से घर आ रहे थे। रात 9:45 बजे देहरादून रोड पर सोसाइटी हरबर्टपुर के पास एक ट्रक लापरवाही से बिना लाइट और इंडिकेटर जलाए खड़ा किया गया था। बताया कि बाइक ट्रक से टकराई, जिससे उनकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन खड़ा करने और मौत का कारण बनने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संवाद