चकराता-त्यूणी-मसूरी-मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस कार्यालय के पास शनिवार को एक टैक्सी अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। एसडीआरएफ की टीम ने टैक्सी सवार दो घायलों को खाई से बाहर निकाला। दुर्घटना में कोटद्वार निवासी एक पर्यटक को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, देहरादून निवासी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
थाना प्रभारी चकराता शिशुपाल सिंह राणा ने बताया कि शनिवार शाम को एक टैक्सी के मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस कार्यालय के पास खाई में गिरने की सूचना मिली। टैक्सी में चालक और एक पर्यटक सवार थे। एसडीआरएफ की टीम ने घायलों को रेस्क्यू किया। बताया कि टैक्सी में सवार कोटद्वार के ध्रुवपुर निवासी पर्यटक अशोक सिंह रावत को मामूली चोटें आई हैं। बताया कि देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के शुक्लपुर ठाकुरपुर निवासी चालक सौरव शर्मा (29) गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया कि उसे सीएचसी चकराता में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया कि चालक पर्यटक को चकराता छोड़कर देहरादून की ओर आ रहा था। दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है।