कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तेज रफ्तार कार शक्ति नहर में समा गई। कार में दो लोग सवार थे। एक व्यक्ति नहर में लापता हो गया। दूसरे को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लापता व्यक्ति और कार की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन लापता व्यक्ति का कुछ पता नहीं चल सका। हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार और सड़क पर बना गड्ढा बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जसविंदर सैनी निवासी यमुनानगर हरियाणा और राशिद निवासी समस्तीपुर उत्तर प्रदेश, भीमावाला में यमुना नदी पर बन रहे पुल का निर्माण कर रही खारा कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते हैं। शनिवार को दोनों कार में सवार होकर कंस्ट्रक्शन साइट की ओर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे भीमावाला गांव के निकट उनकी कार अनियंत्रित होकर नहर में समा गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर शंकर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस और एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों ने जसविंदर सैनी को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन राशिद का कुछ पता नहीं चल सका है। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में कार चला रहे जसविंदर सैनी ने बताया कि कार की रफ्तार तेज थी। अचानक गड्ढा आने से कार का संतुलन बिगड़ गया और कार किनारे बह रही नहर में जा गिरी। कोतवाल ने बताया कि घटना स्थल से करीब 50 मीटर आगे कार मिली, जिसे नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन लापता राशिद का कुछ पता नहीं चल सका है, जिसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
विधायक ने लिया जायजा
क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने निगम के अधिकारियों से वार्ता कर नहर का जल स्तर कम करवाया। पुलिस से हादसे के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सरदार जसविंदर सिंह भी मौजूद रहे।