कैंट बोर्ड परिसर में बुधवार को कैंट श्रमिक संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है। इस दौरान कैंट अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह (एडीशनल चार्ज) से वार्ता कर उन्हें समस्या बताई। कैंट श्रमिक संघ के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने बताया कि तीन माह से वेतन न मिलने की वजह से कर्मचारियों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों पर कई तरह के कर्ज हो चुके हैं। इस पर अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि 29 जून तक कर्मचारियों को एक माह का वेतन वितरित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मिनिस्ट्री में नवीनीकरण की वजह से वेतन न मिलने में देरी हुई है।
इस मौके पर संगठन मंत्री अशोक गहलोत, महासचिव शशि भेयाल, मुख्य सलाहकार अनिल कुमार, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, कार्यकारी सदस्य राजेंद्र चेतन, अकाउंटेंट मुकेश महाजन, कार्यकारी अधीक्षक वंदना शर्मा और निरीक्षक नरेंद्र कुमार गुप्ता मौजूद रहे।