अब राजकीय डिग्री कॉलेज रायपुर में बीएससी होम साइंस की पढ़ाई कर सकते हैं। कॉलेज को इस साल से होम साइंस की मान्यता मिल गई है। इसके साथ ही कॉलेज में बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। छात्र 14 जुलाई तक पंजीकरण करा सकते हैं। इसके बाद मेरिट के आधार पर एडमिशन किए जाएंगे।
रायपुर डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अंजु अग्रवाल ने बताया कि चालू सत्र में बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए के दाखिलों के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि श्रीदेव सुमन विवि से इस साल बीएससी होम साइंस की मान्यता भी मिल गई है।
इस कोर्स के तहत न्यूट्रीशियन, डायटेटिक्स, फैशन डिजाइनिंग, इंटिरियर डेकोरेशन, चाइल्ड एंड एडल्ट काउंसिलिंग और प्रसार शिक्षा जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे, ताकि छात्रों के लिए कोर्स करने के बाद रोजगार की राह आसान हो। इस विशेष कोर्स में दाखिले के लिए कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. डिंपल भट्ट से संपर्क कर सकते हैं। सभी कोर्स में पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई है। पंजीकरण पूर्ण होने के बाद मेरिट के आधार पर दाखिले दिए जाएंगे।
किस कोर्स में कितनी सीटों पर मौका
बीए हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, सैन्य विज्ञान, शिक्षा शास्त्र : प्रत्येक में 120 सीटें
बीकॉम : 120 सीटें
बीएससी जूलॉजी, बॉटनी, केमिस्ट्री : 60 सीटें
बीएससी फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी : 60 सीटें
बीएससी होम साइंस : 60 सीटें
एमए हिंदी : 30 सीटें
एमए राजनीति शास्त्र : 30 सीटें
एमए एजुकेशन : 30 सीटें