आज से ग्राम स्तर पर होंगे कार्यक्रम, डीएम ने ली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/पौड़ी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आज बुधवार से वीर शहीदों के सम्मान में ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 30 अगस्त तक चलेगा। अभियान को लेकर डीएम हिमांशु खुराना ने विभागीय अधिकारियों की बैठक ली और अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायत, ब्लॉक व शहरी निकायों में कार्यक्रम करने के निर्देश दिए।
कहा कि हर ग्राम पंचायत में अमृत सरोवर के किनारे स्मारक पट्टिका की स्थापना, पौधरोपण, वीर शहीदों का वंदन, मिट्टी के साथ शपथ आदि कार्यक्रम होंगे। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. ललित नारायण मिश्र मौजूद रहे। वहीं पोखरी में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपजिलाधिकारी संतोष कुमार पांडे की अध्यक्षता में ब्लॉक सभागार में बैठक हुई। सहायक खंड विकास अधिकारी राजेंद्र बिष्ट ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की स्मृति में सभी 72 ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम होंगे।
वहीं पौड़ी में डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों से संवाद किया। जिले के 15 ब्लॉकों की 1173 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों से डीएम ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि अपने-अपने ग्राम पंचायतों में होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान दें। बैठक में सीडीओ अपूर्वा पांडे, डीडीओ मनविंदर कौर और एडीपीआरओ नितिन नौटियाल आदि मौजूद रहे। संवाद