थाना क्षेत्र के सहसपुर गांव में मामूली विवाद में पड़ोसियों ने देवर और भाभी की पिटाई कर दी। उन पर लाठी डंडों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। जिसमें दोनों को चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ बलवा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी सहसपुर गिरीश नेगी बताया कि घटना बीती 24 अगस्त की सुबह नौ बजे की है। गांव में दो लकड़ों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पड़ोस के लोगों ने पीड़ित जाबिर की पिटाई कर दी। बीच-बचाव में आई उसकी भाभी पर भी हमला कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने मेडिकल भी उपलब्ध कराए हैं। तहरीर में पीड़ित ने एकराय होकर उस पर लाठी डंडों और लोहे के पाइप से हमला करने का आरोप लगाया है। उसके साथ मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी की भी बात कही है।
तहरीर के आधार पर युसूफ, मेहताब, शहारुख, कयूब, अयूब, आसिया, माना सभी निवासी सहसपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई अमित कुमार को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।