एलकेडी–किमाड़ी मार्ग पर किलोमीटर-14 के पास शनिवार देर शाम पहाड़ी से लगातार बोल्डर और पत्थर गिरने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना के बाद मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा।स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से इस स्थान पर लगातार बोल्डर और पत्थर गिर रहे हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण खतरा और बढ़ गया है तथा वाहन चालक जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।स्थानीय निवासी सपना पुंडीर और अनु सिंह ने बताया कि किलोमीटर-14 पर शनिवार शाम हुई घटना में दो वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि उनमें सवार लोग बाल-बाल बच गए। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर पहाड़ी की सुरक्षा के स्थायी उपाय करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा रात के समय आवश्यक होने पर मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करने की मांग की। लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही ने बताया कि लगातार बोल्डर और मलबा गिरने के कारण मार्ग शाम साढ़े छह बजे से 8 बजे तक बंद रहा है। विभाग ने दोनों ओर चेतावनी संकेतक लगा दिए हैं और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।