एक व्यक्ति ने कनाट प्लेस स्थित एक दुकान से एक लाख से ज्यादा कीमत का फोन खरीदा, लेकिन रकम नहीं चुकाई। दुकानदार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली इंस्पेक्टर विद्याभूषण नेगी ने बताया कि ऋषि अरोड़ा की सैमसंग स्मार्ट कैफे की 16 ओल्ड कनाट प्लेस में दुकान है। उन्होंने तहरीर देकर बताया कि इसी साल 19 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक फोन आया, जिसने अपना नाम अनिल सोनी बताया और फोन की जानकारी ली। अगले दिन दुकान से उसने सैमसंग का 1,09,999 रुपये का मोबाइल फोन खरीदा। इस फोन के साथ सैमसंग घड़ी का आफर है, जिसकी कीमत 29,999 रुपये हैं, जो कि फोन लेने पर 2,999 रुपये में मिलती है। बिल बनाने के बाद उसने कहा कि वह घड़ी का पैसा एटीएम कार्ड से देगा और 1,09,999 रुपये एनईएफटी करेगा।
इसके बाद उसने एक पर्ची दिखाई और कहा कि खाते में एनईएफटी से पैसे भेज दिए गए हैं। दुकान मालिक ने बताया कि रात ज्यादा होने से वह बैंक में पैैसे चेक नहीं कर पाए। सुबह पता किया तो खाते में कोई पैसा नहीं आया था। इसके बाद जब आरोपी से बात की तो वह अलग-अलग बहाने बनाने लगा। जब पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो 20,000 रुपये पेटीएम कर दिए, लेकिन अभी भी 74,999 रुपये बकाया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।