कुरैशी मूल रूप से बिजनौर के धामपुर का रहने वाला है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने एक टीम गठित कर जावेद की तलाश में भेजी थी। जांच में पता चला है कि जावेद की ट्रेवल एजेंसी मुंबई नहीं बल्कि गुुरुग्राम, हरियाणा में है।
यहां बाकायदा उसने एक ऑफिस बनाया हुआ है, लेकिन कुछ समय से वह फरार चल रहा है। पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि जावेद ने उत्तराखंड के ही महज 28 लोगों को नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों के सैकड़ों युवाओं को अपना शिकार बनाया है। वर्तमान में वह करोड़ों रुपये ठगकर फरार चल रहा है।
जांच में सामने आया है कि जावेद मोटी रकम लेकर लोगों को खाड़ी देशों में भेजने का दावा करता है। उसके बहकावे में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, बिहार, उत्तर प्रदेश के युवा भी आ चुके हैं। इन सभी राज्यों की पुलिस उसके बारे में तमाम साक्ष्य इकट्ठा कर चुकी है।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार देहरादून पुलिस को उत्तर प्रदेश और चेन्नई पुलिस के माध्यम से अहम सुराग मिले हैैं। वर्तमान में दो टीमें उसके पीछे लगी हैं। इनमें से एक उसके पैतृक नगर धामपुर में भी दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि जावेद को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हमें अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही जावेद को गिरफ्तार किया जा सकता है। उसके पीछे हमारे अलावा कम से कम छह राज्यों की पुलिस है। उसने अपना ऑफिस गुरुग्राम में खोला हुआ है। जबकि, वह खुद को मुंबई का बताता था। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-श्वेता चौबे, पुलिस अधीक्षक नगर