पिरान कलियर क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव में रविवार देर रात बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को काटकर चुरा लिया गया। सोमवार सुबह सूचना मिलने पर दलित समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। लोग प्रतिमा स्थल पर एकत्रित होने लगे।
वहीं, सूचना मिलने पर आनन-फानन में तहसीलदार मनजीत सिंह गिल और थाना प्रभारी देवराज शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। सुबह 11 बजे से पहले तक गांव में तनाव की स्थिति पैदा होने लगी, लेकिन प्रशासन ने स्थिति को भांपते हुए ग्यारह बजे तक घटना स्थल पर नई प्रतिमा स्थापित कर दी। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कलियर क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव में करीब दो वर्ष पहले विवादित भूमि पर दलित समाज के लोगों ने आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। उक्त भूमि का विवाद हाईकोर्ट में विचाराधीन है। एक वर्ष पहले भी गांव में इसी मामले को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। रविवार देर रात किसी शरारती तत्वों ने आंबेडकर की प्रतिमा को काटकर चोरी कर ली।