कोतवाली क्षेत्र के अस्पताल रोड के पास टैक्सी स्टैंड पर खड़े एक लोडर में शुक्रवार की देर रात आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल ने आग को बुझा दिया। शनिवार तड़के सुबह टैक्सी स्टैंड पर पहुंचे कुछ चालकों ने लोडर में एक जला हुआ शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतका पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। कई दिनों से लावारिस अवस्था में खड़े लोडर में रह रही थी। महिला का परिवार हरबर्टपुर में किराये के कमरे में रहता है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शुक्रवार रात करीब 1:20 बजे टैक्सी स्टैंड पर एक लोडर में आग लगने की सूचना डाकपत्थर स्थित अग्निशमन स्टेशन को मिली थी। मौके पर दमकल पहुंची और आग पर काबू पा लिया। सुबह करीब 5:30 बजे टैक्सी स्टैंड पर कुछ चालक पहुंचे। उन्होंने देखा की लोडर में एक जला हुआ शव और कुछ कपड़े पड़े हैं।
कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के जिला मुर्शिदाबाद के सरयू निवासी शबाना उर्फ पिंकी (27) पत्नी शमशाद खालिद के रूप में हुई है। परिवारजनों और टैक्सी स्टैंड के आसपास रहने वाले लोगों से मिली जानकारी के अनुसार महिला नशे की आदी थी। काफी समय से परिवार से अलग रह रही थी। बताया कि टैक्सी स्टैंड पर लोडर करीब एक डेढ़ साल से लावारिस हालत में खड़ा था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि लोडर मालिक के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।