सहसपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर हुकुमतपुर में चोर मंदिर की खिड़की पर लगी लोहे की ग्रिल काटकर पीतल के घंटे, बर्तन आदि सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाने में दी तहरीर में बाबू सिंह बिष्ट ने बताया कि शंकरपुर हुकुमतपुर में उत्तराखंड मॉडल आईटीआई के पास शिव मंदिर है। श्याम लाल मंदिर के पुजारी हैं। बताया कि रविवार सुबह पुजारी मंदिर में पूजा-पाठ के लिए गए थे। उन्होंने मंदिर के स्टोर के पास जाकर देखा तो खिड़की की ग्रिल कटी थी। पुजारी ने भीतर झांका तो 70 किलोग्राम भार का पीतल का बड़ा घंटा गायब था। अंदर जाकर देखा तो पीतल के 15 किलोग्राम के तीन घंटे, 15 बड़े भगोने ढक्कन सहित, एक परात, एल्यूमिनियम की दो बड़ी टब, छह बाल्टी, स्टील की परात, जग, गैस सिलिंडर, 60-70 किलोग्राम चावल आदि सामान भी चोरी हो गया था।थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमराें से चोर की पहचान की जा रही है।