चकराता में आयोजित प्रशिक्षण में मौजूद बीएलओ। स्रोत आयोजक
छावनी बाजार स्थित राजकीय इंटर काॅलेज में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता सूचियों के सत्यापन से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची के सत्यापन में सतर्कता बरतें।प्रशिक्षण में बीएलओ को फार्म 6, 7 व 8 को भरने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। इसके साथ ही मतदान केंद्रों का निरीक्षण करके उपयुक्त स्थानों पर नए मतदान केंद्र बनाने आदि की कार्रवाई को भी सावधानी से किए जाने की बात कही गई। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व तहसीलदार चकराता रूप सिंह ने कहा कि मतदान केंद्र आबादी क्षेत्रों से दो किलोमीटर से अधिक की दूरी पर नहीं होने चाहिए। इसलिए ऐसे स्थानों का भी तलाश किया जा रहा है जहां नए मतदान केंद्र बनाए जा सकें और मतदाताओं को आसानी हो सके। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवाओं के नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़े जाने हैं। मृतक व स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम सूची से हटाने में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्व निरीक्षक देवेंद्र पुंडीर, राजस्व उप निरीक्षक सुगंधा बिष्ट, अनिल सिंह आदि माैजूद रहे।