राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय की ओपीडी में दवा काउंटर पर लगी भीड़ । अमर उजाला
दून अस्पताल जा रहे हैं तो सावधान रहें। अस्पताल में अपना पर्स और मोबाइल फोन हिफाजत से रखें। क्योंकि, अस्पताल में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। भीड़ का फायदा उठाकर चोर लोगों के सामान पर हाथ साफ कर रहे हैं।
बुधवार को भी अस्पताल में चोरों ने एक महिला का पर्स और मोबाइल चोरी कर लिया। महिला अपने डेढ़ साल के बच्चे का इलाज कराने दून अस्पताल पहुंची थी। चंद्रमणि चौक निवासी प्रीति के बच्चे को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत थी। डॉक्टर को दिखाने के बाद वह सीढ़ियों पर बैठकर बच्चे को दवाई पिला रही थीं। इस बीच प्रीति के पास रखे थैले से कोई उनका पर्स निकाल कर ले गया।
पर्स में दवाई के पर्चे, मोबाइल फोन और सात सौ रुपये थे। बच्चा रोने लगा तो प्रीति ने दूध की बोतल निकालने के लिए थैले में हाथ डाला तो चोरी का पता चला।
----
अस्पताल में नहीं हुई सुनवाई
परेशान प्रीति ने इसकी शिकायत गार्ड से की तो गार्ड ने उन्हें ही अपने सामान की सुरक्षा करने की हिदायत दे डाली। गार्ड का कहना था कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज देखने का उनके पास कोई साधन नहीं है। उन्हें यह भी नहीं पता कि कैमरे चल भी रहे हैं या नहीं। प्रीति जब सीएमएस डॉ. वाई रिजवी से शिकायत करने गईं तो वह कार्यालय में थे। यहां मौजूद गार्ड ने कहा कि सीएमएस इसमें कुछ नहीं कर सकते और पुलिस चौकी जाने को कहा।