स्कूल जाने के लिए निकली छात्रा लापता हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है। तहरीर में एक व्यक्ति ने बताया कि बीती 19 अक्टूबर को उनकी 14 वर्षीय पुत्री स्कूल जाने के लिए घर से निकली। जब वह शाम तक घर नहीं लौटी तो उसकी खोजबीन की। पता चला कि वह स्कूल भी नहीं पहुंची। थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि छात्रा नौंवी कक्षा में पढ़ती है। उसकी खोजबीन के लिए महिला एसआई रश्मि रावत के नेतृत्व में टीम गठित की गई है।
Iपति समेत तीन पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्जI
कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में छोटूवाला-मलुकावाला निवासी शिवानी पुत्री राजकुमार ने कहा कि उसका विवाह रजन पांचाल निवासी ग्राम लकदसदा थाना मुजफ्फरनगर से हुआ था। विवाह के बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए परेशान करते थे। गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते थे। जिससे तंग आकर वह अपने मायके में रह रही है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पति के साथ ही सास कविता और राहुल पंचाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
Iपति समेत चार पर केस दर्जI
थाना पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति समेत चार लोगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में भाववाला सेलाकुई निवासी दीप्ति ममगाई ने कहा कि उसका विवाह सोबित निवासी सेक्टर-9, निरंकारी भवन बोराड़ी टिहरी गढ़वाल से हुआ था। आरोप लगाया कि पति, ससुर भवानी दत्त, सास और ननद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उसके साथ मारपीट और गाली गलौज की। थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एसआई आरती कलूड़ा को जांच सौंपी है।