दुल्हन पक्ष को जब अगले दिन इसकी भनक लगी तो दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन कोई हल नहीं निकाला। इसके बाद दुल्हन पक्ष की ओर से दूल्हा पक्ष के खिलाफ दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर बरात नहीं लाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि, पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। मामला शुक्रवार को क्षेत्र के एक गांव का है। गांव में लक्सर से बरात आनी थी।
दुल्हन पक्ष के ओर से बरात के स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं थी। खाना बना था। मेहमान और ग्रामीण बरात का इंतजार करते रहे। बरात काफी देर तक नहीं आई, तो ग्रामीणों ने भोजन शुरू कर दिया और बरात की राह ताकने लगे, लेकिन बरात दूर-दूर तक नहीं दिखी। पूछते रहे कि बरात कहां अटक गई है। दुल्हन के पिता ने दूल्हे पक्ष को फोन किया। फोन रिसीव नहीं हुआ।
बाद में कहीं से पता चला कि दूल्हे की बरात घर से निकली ही नहीं है। इससे दुल्हन पक्ष के पैरों तले जमीन खिसक गई। दुल्हन पक्ष की ओर से दूल्हे की फरमाइश पर बुलेट दहेज के लिए दूल्हे के नाम से ही खरीदी थी। बरात नहीं आने पर ग्रामीण मायूस होकर लौट गए। बरातियों के लिए बना खाना बर्बाद हो गया। लोग आपस में चर्चा करने लगे। दुल्हन पक्ष को पता चला कि दूल्हे की प्रेमिका बरात से एक रोज पहले उसके घर पहुंच गई।
प्रेमिका ने दूल्हे से दूसरी जगह शादी करने पर धमकी दी। इससे दूल्हा और उसका परिवार दबाव में आ गया और बरात नहीं लाया। बताया जा रहा कि जब दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष को प्रेमिका का जिक्र किया तो उनसे बात छिपाई गई। बताया गया कि मामला दूल्हे के बड़े भाई से जुड़ा है। दोनों पक्षों के बीच मामले को लेकर पंचायत भी हुई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हा पक्ष पर दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर बरात नहीं लाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। एसओ पवन डिमरी ने बताया, मामले की जांच की जा रही है।