नूंह में हुई घटना के विरोध में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बुधवार को कार्यकर्ता जुलूस निकालते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर उन्होंने जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे प्रदर्शन के बाद उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपा।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता लैंसडौन चौक पर एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए बुद्धा चौक, दून अस्पताल, कचहरी से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ता ज्ञापन देने की मांग पर अड़ गए, लेकिन जिलाधिकारी सोनिका उस समय कोर्ट में सुनवाई कर रही थीं। उनके आने में देरी होने से कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। इस दौरान एडीएम प्रशासन डाॅ. एसके बरनवाल मौके पर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं की उनसे बहस हो गई। इससे कार्यकर्ता भड़क गए और धरने पर बैठ गए। सुनवाई के बाद डीएम सोनिका मौके पर पहुंचीं और ज्ञापन लिया।
कार्यकर्ताओं ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराकर सभी दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। वहीं उन्होंने मृतकों के परिवारों को उचित सहायता देने की भी मांग की। उन्होंने कहा, देहरादून की बिगड़ती कानून व्यवस्था को देखते हुए बजरंग दल जल्द एक बड़ा आंदोलन करेगा। प्रदर्शन में संयोजक अमन स्वेडिया, मनोज पाल, अभिषेक भार्गव, भूपेंद्र चौधरी, ललित बोहरा, जय दुबे, आशीष बलूनी राजेश सिंह अंकित यादव आदि मौजूद रहे।