जोशीमठ-औली मोटर मार्ग पर कई जगह सड़क किनारे अभी भी बर्फ जमी है। ठंड अधिक पड़ने से इन जगहों पर जमकर पाला पड़ रहा है, जिससे यहां वाहन आवाजाही के दौरान रपट रहे हैं। जिले के घाट, निजमुला घाटी, देवाल, थराली, जोशीमठ ब्लॉक में भी पाला लोगों के लिए मुसीबत बन गया है।
मलारी राजमार्ग पर रविग्राम के समीप सड़क पर पाला जमने से कई वाहन रपट चुके हैं। समीर डिमरी, शैलेश नेगी, अनिल डिमरी व अमित का कहना है कि सड़क के किनारे नाली न होने के चलते पानी सड़क पर आ रहा है, जिसके यह स्थिति बनी है। लोनिवि गोपेश्वर के अधिशासी अभियंता धन सिंह रावत का कहना है कि जिन जगहों पर पाला जम रहा है वहां नमक और चूने का छिड़काव किया जा रहा है। नमक डालने से पाला तुरंत गल जाता है। सबसे अधिक पाला जमने की समस्या जोशीमठ-औली मार्ग पर आ रही है, यहां निरंतर नमक छिड़का जा रहा है।