आधार कार्ड में नाम बदलावाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने असिस्टेंट प्रोफेसर से 4.78 लाख रुपये ठग लिए। एसओ प्रेमनगर गिरीश नेगी ने बताया कि चारु अस्थाना झाझरा स्थित एक संस्थान में बायोकेमिस्ट्री विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उन्होंने 14 वर्षीय बेटे के आधार कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया था। उनके बेटे का नामांकन बीते सात जुलाई को रास बिहारी बोस सुभारती यूनिवर्सिटी कैंपस में हुआ था। आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र में नाम अलग-अलग थे। जन्म प्रमाण पत्र में नाम ठीक कराने के लिए उन्होंने ऑनलाइन व्हाट्सएप प्रक्रिया के जरिए आवेदन किया। चारु अस्थाना ने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान उनसे पहले 17 रुपये और एक रुपये की ऑनलाइन पेमेंट ली गई। इसके बाद उनके खाते से धोखे से 4.78 लाख साइबर ठगों हड़प लिए। मामले में प्रेमनगर थाना पुलिस अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।