- प्राथमिक विद्यालयों के कक्षा पांच के छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। छात्र-छात्राओं में गणित और अंग्रेजी के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से मैथ्स विजार्ड व इंग्लिश स्पेल जीनियस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मैथ्स विजार्ड में राजकीय प्राथमिक विद्यालय कारगी-1 के छात्र अरहान ने पहला स्थान प्राप्त किया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के छात्र वरुण बंधानी ने दूसरे और राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांध विस्थापित बंजारावाला के छात्र अनंत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा इंग्लिश स्पेल जीनियस प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ की छात्रा हर्षिता थापा ने 30 में से 29 अंक प्राप्त कर बाजी मारी। वहीं, प्राथमिक विद्यालय बंजारावाला के छात्र उजैर ने दूसरे व प्राथमिक विद्यालय बांध विस्थापित बंजारावाला की छात्रा राधिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में सीआरपी शैफाली ने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर गणित व अंग्रेजी भाषा के प्रति छात्रों की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसमें प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा-5 में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं 30 दिसंबर को विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभा करेंगे।