रेलवे ट्रैक पर एक बुजुर्ग महिला और एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गए। अलग-अलग जगह हुए हादसों में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को दोनों के शवों के पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसओ नेहरू कॉलोनी मोहन सिंह ने बताया कि पहली घटना डिफेंस कॉलोनी फाटक के पास हुई। यहां पर बुजुर्ग महिला ट्रैक पार कर रही थी। उसी वक्त वह ट्रेन की चपेट में आ गई। महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की पहचान 64 वर्षीय पायला देवी निवासी खदरी मोहल्ला सहारनपुर रोड के रूप में हुई।
उधर, दूसरी घटना में अजबपुर निवासी शौकीन नाम के युवक की मौत हुई है। शौकीन घर से कुछ दूरी पर ही रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए। शौकीन की मौके पर ही मौत हो गई।
Iफंदे पर लटका मिला युवक का शवI
पटेलनगर के चंद्रबनी चोयला में युवक का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस प्राथमिक पड़ताल और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर इसे आत्महत्या मान रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने कर्ज के चलते आत्महत्या करने की बात लिखी है।
एसएचओ पटेलनगर कमल कुमार लुंठी ने बताया कि पुलिस को चंद्रबनी चोयला क्षेत्र में युवक की आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो यहां एक घर में शिव कुमार पुत्र लक्ष्मण कुमार को दुकान की बेंच पर लिटाया हुआ था। युवक के पास से सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने कर्ज की बात लिखी है। लिखा है कि वह कर्ज चुका नहीं पा रहा था ऐसे में वह जान दे रहा है। इसमें किसी का दोष नहीं है। पुलिस ने शिवकुमार को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिव कुमार के शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।