दून विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में अमेरिका के प्रतिष्ठित उद्योगपति एरिक एस. श्नाइडर का व्याख्यान आयोजित किया गया। उन्होंने छात्रों को आध्यात्मिकता, नवाचार और उद्यमिता विषय पर जानकारी देने के साथ ही अपने जीवन के प्रेरणादायक अनुभव साझा किए।
श्नाइडर ने छात्रों के बीच नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया और उन्हें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को वैश्विक दृष्टिकोण और व्यावसायिक सफलता के मूलमंत्रों से अवगत कराया। उन्होंने स्कूल ऑफ मैनेजमेंट को अनुदान देने की इच्छा जताई। इसका उपयोग विश्वविद्यालय शैक्षिक और नवाचार के लिए करेगा। विवि कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एक अभिनव उत्पाद प्रतियोगिता का आयोजन करने की योजना बना रहा है। इसमें सबसे अभिनव उत्पाद को एरिक एस श्नाइडर की ओर से एक हजार डॉलर का पुरस्कार दिया जाएगा।
यह प्रतियोगिता छात्रों के लिए अपनी रचनात्मकता और नवाचार को प्रदर्शित करने का एक अद्वितीय मंच प्रदान करेगी और उन्हें व्यावसायिक दुनिया में अपनी पहचान बनाने का अवसर देगी।