देहरादून जाकर दिखाने की तैयारी कर रहे मरीजों को मिली बड़ी राहत
अमर उजाला फाउंडेशन ने रोटरी दून विकास, विकासनगर और डॉ. हंसराज पॉलीक्लीनिक के सहयोग से निशुल्क मल्टीस्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। 270 मरीजों ने चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाया। शहर के साथ ही आसपास के ग्रामीणों क्षेत्रों से भी मरीज पहुंचे। हृदय रोग, न्यूरोलॉजिस्ट, पाल्मोनोलॉजिस्ट और फिजिशियन ने मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। मरीजों ने शिविर के लिए अमर उजाला फाउंडेशन और रोटरी क्लब विकास का धन्यवाद किया।
रविवार को मुख्य बाजार स्थित डॉ. हंसराज पॉलीक्लीनिक में आयोजित कैंप में सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटने लगी। पंजीकरण काउंटर के बाहर मरीजों की कतार लगी थी। हृदय, न्यूरो और सांस की समस्या से ग्रस्त मरीज, जो देहरादून जाने की तैयारी कर रहे थे, वह शिविर का लाभ उठाने के लिए पहुंचे। सुबह 10 बजे तक 100 लोग पंजीकरण करवा चुके थे।
शिविर में महंत इंद्रेश अस्पताल देहरादून के न्यूरो विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. यशपाल, सिनर्जी अस्पताल देहरादून के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अमरपाल सिंह गुलाटी, मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के वरिष्ठ पाल्मोनाॅजिस्ट डॉ. वैभव चाचरा और फिजिशियन डॉ. सार्थक अरोड़ा ने मरीजों की जांच की। चिकित्सकीय सलाह पर मरीजों की डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और ईसीजी जांच भी की गई।
इस दौरान रोटरी दून विकास, विकासनगर के अध्यक्ष रोहित गुप्ता, सचिव अमित अग्रवाल, तरुण अरोड़ा, डॉ. दिनेश भंडारी, सुरेश रावत, अनिल जैन, नितेश अरोड़ा, प्रदीप पोत्रा, अजय अरोड़ा, सतीश जयसवाल, संजीव राणा, डॉ. चेतन अरोड़ा, राजीव चावला, प्रदीप अग्रवाल और मयंक जैन आदि उपस्थित रहे।
मुझे डायबिटीज है। कुछ दिनों से घबराहट और सीने में दर्द की परेशानी हो रही थी। देहरादून दिखाने जाना था। अमर उजाला अखबार पढ़ा तो पता चला कि निशुल्क कैंप लगाया जा रहा है। हृदय रोग विशेषज्ञ को दिखाया है, ईसीजी जांच भी हो गई है।
- संगीता शर्मा, मरीज
पेट और बदन में दर्द रहता है। लंबे समय से समस्या बनी हुई थी। अमर उजाला अखबार के माध्यम से पता चला कि निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आज स्वास्थ्य परीक्षण करवाया, जांच भी हुई है। - बबली, मरीज
बुखार और खांसी है। स्वास्थ्य शिविर के आयोजन का पता चला तो दिखाने आया हूं। बताया गया था शिविर में देहरादून से बड़े अस्पतालों के चिकित्सक आए हैं। - आफताब, मरीज
शरीर दर्द है और झनझनाहट भी महसूस होती है। काफी समय से परेशान थी। अमर उजाला अखबार में छपी खबर से पता चला कि शिविर का आयोजन होने जा रहा है। चिकित्सक को दिखाया है। जांच के बाद उन्होंने दवा लिखी है। - पुष्पा दुबे, मरीज