सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में सोमवार देर रात बेटी की छठी के जश्न में खूनी खेल हो गया। शराब पीने के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने परिचित युवक के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी नृशंस हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सेलाकुई थानाध्यक्ष शैंकी कुमार ने बताया कि मूल रूप से मीरपुर हेमूपुरा, बिलसंडा (पीलीभीत, यूपी) निवासी जितेंद्र कुमार जमनपुर में रहता है और एक होटल में काम करता है। छह दिन पहले उसकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था। सोमवार रात घर पर नवजात की छठी की खुशी में पार्टी रखी गई थी। इस पार्टी में गांव फटेंकुआं थाना बरखेड़ा जिला पीलीभीत निवासी राजपाल (25) भी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दोनों आसपास के गांव के रहने वाले हैं और उनकी पहले से जान-पहचान थी। रात में शराब पीने के बाद बिल्डिंग के बाहर रास्ते को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बात हाथापाई तक पहुंची और इसी बीच तैश में आकर जितेंद्र ने चाकू निकालकर राजपाल के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।थाना प्रभारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से चाकूबाजी की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। लहूलुहान राजपाल को एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10-15 दिन पहले भी शराब पीने के दौरान किसी बात पर विवाद हुआ था। माना जा रहा है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते सोमवार रात विवाद फिर भड़का, जो जानलेवा साबित हुआ।मृतक राजपाल जमनपुर में अकेला रहता था। तीन-चार दिन पहले ही उसकी एक स्थानीय कंपनी में नौकरी लगी थी। वहीं, आरोपी जितेंद्र यहां अपने माता-पिता, पत्नी और छह दिन की नवजात बेटी के साथ रहता है। फिलहाल पुलिस ने थानाध्यक्ष की ओर से इस मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार आरोपी जितेंद्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।