शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शम्मी प्रकाश ने नगर में चल रही 535 करोड़ रुपये की सीवर एवं पेयजल परियोजना में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और करोड़ों रुपये के कथित घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मिले दस्तावेजों का हवाला देते हुए दावा किया कि एक ही सड़क पर कार्यदायी संस्था और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) दोनों की ओर से निर्माण कार्य दिखाया गया है। मामले में जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर 15 दिनों के भीतर उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच शुरू न होने पर जन आंदोलन करने और हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी गई है।सैयद रोड स्थित निजी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शम्मी प्रकाश ने कहा कि आरटीआई से मिले दस्तावेजों से कई गंभीर गड़बड़ियां उजागर हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना का काम कर रही ईएमएस कंपनी पिछले करीब डेढ़ वर्ष से बिना आवश्यक अनुमति के खनन सामग्री का भंडारण और परिवहन कर रही है। कहा कि जांच शुरू न होने पर उग्र आंदोलन होगा।